औचक निरीक्षण में प्राचार्य के अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश
औचक निरीक्षण में प्राचार्य के अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री बाफना ने सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि विद्यालय शाजापुर का औचक निरीक्षण किया
अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई करें कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन का स्वयं स्वाद लेकर गुणवत्ता का परीक्षण किया कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज शाजापुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अनुपस्थित पायी गई प्राचार्य के विरूद्ध कलेक्टर सुश्री बाफना ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये। साथ ही उन्होंने अनुपस्थित पाए गए अन्य शिक्षकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली तथा शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया।कलेक्टर ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वे अपने भविष्य के प्रति सजग रहे एवं अभी से अपने कॅरियर की स्पष्ट योजना बनाकर लक्ष्य को ध्यान में रखकर अपनी पढ़ाई करें।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने विद्यार्थियों के लिए बनाए गए मध्यान्ह भोजन का स्वयं स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।कलेक्टर सुश्री बाफना ने जिला शिक्षा
अधिकारी को विद्यालयों की समस्त कक्षाओं के लिए टाईम टेबल बनाकर कक्षाओं का संचालन कराने, संगीत व नृत्य की कक्षाओं को नियमित रूप से संचालित कराने, शिक्षकों को बच्चों द्वारा किये जा रहे गृहकार्य की कॉपी-पुस्तकों की जाँच कराने, बालक-बालिका के शौचालयों एवं विद्यालय परिसर की प्रतिदिन साफ-सफाई कराने, सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा कक्षाओं में फर्नीचर आदि की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि जिला शिक्षा अधिकारी सप्ताह में 03 दिन सांदीपनि विद्यालयों में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें।कलेक्टर सुश्री बाफना ने विद्यालय के बालक एवं बालिका शौचालय, पेयजल यूनिट तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर सुश्री बाफना ने विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की साफ-सफाई नहीं होने पर आउटसोर्स सफाई ऐजेंसी पर अर्थदण्ड लगाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री दीपा कीर भी उपस्थित थी।