जयपुर: राजस्थान के दौसा में हैवानियत, 88 साल की वृद्धा के पैरों पर चलाया ग्राइंडर कड़ा काटने के लिए झुलसा दी खाल
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। जयपुर-राजस्थान के दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात हुई जिसने हर किसी को दहला दिया। गुढ़ाकटला के नारायणी माता मार्ग के पास, 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला मनभरी देवी अपने घर के बाहर सो रही थीं। तभी दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और सोती हुई वृद्धा को अपना निशाना बनाया।
चांदी के कड़ों को ग्राइंडर से काटा:बदमाश अपने साथ इलेक्ट्रिक ग्राइंडर (कटर मशीन) लेकर आए थे। उन्होंने वृद्धा के पैर में पहने चांदी के कड़े को मशीन से काटना शुरू किया। ग्राइंडर चलने से पैदा हुई भयंकर गर्मी के कारण चांदी का कड़ा आग की तरह तप गया और वृद्धा के पैर की खाल से चिपक गया।
इस कारण वृद्धा के पैरों में गहरे घाव हो गए और छाले पड़ गए। लूट की इस कोशिश के दौरान बदमाश वृद्धा को जमीन पर घसीटते हुए भी ले गए।पुत्रवधु को देख भागे बदमाशवृद्धा दर्द से जूझ रही थीं और बदमाश कड़ा काटने की कोशिश में जुटे थे।
बदमाश वारदात को पूरी तरह अंजाम देकर निकलने ही वाले थे कि तभी उनकी पुत्रवधु मौके पर पहुंच गई।
उसे अचानक सामने आता देख दोनों बदमाश घबरा गए और गिरफ्तारी के डर से फौरन अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल:घटना की खबर मिलते ही नारायणी माता मार्ग पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बसवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस दरिंदगी से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम:-
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को साफ लहजे में 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे में बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बसवा थाने का घेराव कर बड़ा आंदोलन करेंगे।फिलहाल, पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।















