शाजापुर: शहर के समीप स्थित सनकोटा बायपास पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 6:30 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार दोनों व्यक्ति बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित मदद उपलब्ध कराई।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम सामगी से कृषि उपज मंडी, शाजापुर की ओर जा रही थी। सनकोटा बायपास के पास पहुँचते ही वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रॉली पलट गई। सुबह का समय होने के कारण यातायात कम था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
’डायल 112′ की टीम ने दिखाई तत्परता
हादसे की सूचना मिलते ही लालघाटी थाने की ‘डायल 112’ टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। टीम में शामिल आरक्षक जितेंद्र मालवीय (271) और पायलट कमलेश बड़कनिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों की स्थिति का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि सड़क पर यातायात सुचारू बना रहे। पुलिस की मुस्तैदी से मौके पर स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।















