छह साल के नन्हे पार्थ ने उठाई कांवड़, धरती देवरा में किया भोलेनाथ का अभिषेक
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण शाहपुरा के धाकड़ मोहल्ले में देखने को मिला। वैष्णव बैरागी परिवार के छह वर्षीय नन्हे बालक पार्थ ने कांवड़ यात्रा की जिद कर परिवार का मन मोह लिया।पार्थ ने बारिश का जल एकत्र किया और अपने घर से कांवड़ लेकर जहाजपुर रोड स्थित प्रमुख शिवालय धरती देवरा
पहुंचा। यहां उसने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।नन्हे पार्थ की शिवभक्ति और कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचने की लगन देखकर मंदिर में मौजूद श्रद्धालु भी भावुक हो गए। परिवारजनों ने बताया कि पार्थ स्वयं कांवड़ लेकर भगवान शिव का अभिषेक करने की इच्छा जता रहा था।
उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए उसे कांवड़ लेकर धरती देवरा ले जाया गया।पार्थ की मासूम भक्ति ने सावन में शिव आराधना के प्रति श्रद्धा का सुंदर संदेश दिया। कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे नन्हे शिवभक्त की तस्वीर और वीडियो भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।