राजस्थान। शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार: शिक्षक पर छात्र से गंभीर मारपीट का आरोप, परिजनों में आक्रोश
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-क्षेत्र के रामस्नेही संस्कृत विद्यालय में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, छात्र सुजल शर्मा (पुत्र हेमराज शर्मा) के साथ शिक्षक शिव प्रकाश कोली द्वारा मारपीट की गई, जिससे उसकी आंख पर गंभीर चोट आई।
छात्र के पिता हेमराज शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे विद्यालय के प्रधानाचार्य का फोन आया, जिसमें उन्हें तत्काल विद्यालय बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पुत्र सुजल की आंख पर गंभीर चोट लगी हुई है।
इसके बाद हेमराज शर्मा तुरंत अपने पुत्र को लेकर शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए सुजल को भीलवाड़ा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं, घटना के करीब एक घंटे तक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
करीब डेढ़ घंटे बाद ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी गीता माहेश्वरी अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सेन ने अधिकारियों के देर से पहुंचने को संवेदनहीनता करार दिया।
पीड़ित छात्र के पिता हेमराज शर्मा ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ शाहपुरा थाने में मामला दर्ज करवाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




