स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय, एसडीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक।
15 अगस्त को मंडी प्रांगण में होगा मुख्य समारोह, विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां।
संवाददाता पवन परमार जिला देवास सोनकच्छ।
आगामी 15 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को जनपद पंचायत सोनकच्छ के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद मालवीय ने की।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल मंडी प्रांगण, सोनकच्छ में मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
साथ ही सभी विभागों को समय-सीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी गीतिका सोनी, नगर परिषद सीएमओ अमरदास सैनानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरज सिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मदनलाल धाकड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सफल बनाने का आह्वान किया।