शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में घुसे असामाजिक तत्व, छात्रों से मारपीट
लंच अवकाश के दौरान हुई घटना, पुलिस ने शुरू की जांच; छात्र सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
संवाददाता पवन परमार जिला देवास सोनकच्छ।
नगर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में बुधवार को लंच अवकाश के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, लंच अवकाश के दौरान छात्र विद्यालय परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ बाहरी युवक विद्यालय में प्रवेश कर छात्रों से विवाद करने लगे और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। विद्यालय के विद्यार्थियों का आरोप है कि ये युवक पिछले कई दिनों से विद्यालय परिसर में आकर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करते रहे हैं, जिससे छात्र भय और असुरक्षा का माहौल महसूस कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके से एक केटीएम (KTM) मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसे पुलिस जवान के सुपुर्द कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
छात्रों और अभिभावकों की मांगघटना के बाद अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में नियमित पुलिस गश्त, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।