मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर-एसपी ने किया सोनकच्छ का निरीक्षण
निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय, आईटीआई, स्कूल, बाल वाटिका और उप जेल का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता व समय-सीमा के निर्देश
संवाददाता पवन परमार जिला देवास मध्यप्रदेश सोनकच्छ
(देवास)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सोनकच्छ क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन एवं शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं शासकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय, शासकीय आईटीआई भवन, प्राथमिक विद्यालय, बाल वाटिका तथा सोनकच्छ उप जेल का अवलोकन किया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।अभियान के अंतर्गत कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय कोठड़ा का निरीक्षण कर बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और विद्यालय की गतिविधियों से जुड़े सवाल पूछे तथा
उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बाल वाटिका के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छता, सुरक्षा एवं बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
वहीं सोनकच्छ उप जेल में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के समापन पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने उप जेल
परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनहित को प्राथमिकता देने का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।