बिहार। युवाओं के समग्र विकास, जन-जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर

IMG-20260717-WA0021

प्रदीप कुमार नायक स्वतंत्र लेखक एवं पत्रकार

मधुबनी जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की

मधुबनी, जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं के सर्वांगीण विकास, विभिन्न विभागों के बीच अभिसरण (Convergence) को सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर युवा विकास से संबंधित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक संचालित विशेष पंजीकरण अभियान के अंतर्गत जिले के सभी मध्य एवं उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों का MY Bharat पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा (Volunteering), कौशल विकास, नेतृत्व विकास, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा राष्ट्रीय स्तर के अनेक अवसरों का लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनका व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक सहभागिता और अधिक सशक्त होगी।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने MY Bharat के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को अपने-अपने प्रखंडों में साइबर सुरक्षा, सड़क एवं यातायात सुरक्षा के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र के रूप में कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को समय पर क्षय रोग (टीबी) की जांच कराने तथा जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने नशा मुक्त भारत अभियान में युवाओं की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जिले में विभिन्न सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

मानसून के दृष्टिगत सुरक्षा उपायों की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने युवा स्वयंसेवकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बच्चों एवं अभिभावकों को नदियों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के समीप जाने से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करें, ताकि डूबने जैसी दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिले में भव्य एवं व्यापक युवा कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नवाचार एवं सामुदायिक सेवा के लिए प्रेरित किया जा सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में क्षय रोग (टीबी) की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की तथा आम नागरिकों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराएं, उपचार पूर्ण करें तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि संगठित प्रयास, विभागीय समन्वय एवं युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा के माध्यम से ही समाज में व्यापक जन-जागरूकता लाकर विकसित, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

बैठक में सदस्य सचिव सह जिला युवा पदाधिकारी, MY Bharat मधुबनी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

About The Author