कोटेश्वर महादेव में नृत्य करता दिखा राष्ट्रीय पक्षी मोर, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
श्रावण सोमवार पर प्रकृति और आस्था का अनूठा संगम।
जिला ब्यूरो पवन परमार सोनकच्छ।
देवास जिले के सोनकच्छ से लगभग दो किलोमीटर दूर जीवनदायिनी मां कालीसिंध नदी के पावन तट पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कोटेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के सोमवार को एक मनमोहक दृश्य देखने को मिला।
मंदिर परिसर के आसपास राष्ट्रीय पक्षी मोर ने अपने पंख फैलाकर आकर्षक नृत्य किया, जिसे वहां मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया
और लोगों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।कोटेश्वर महादेव मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी प्रमुख केंद्र है। यहां भगवान शिव स्वयंभू रूप में विराजमान हैं। मान्यता है कि इस प्राचीन मंदिर की स्थापना पांडवों ने अपने अज्ञातवास के दौरान की थी। मंदिर परिसर में मां धूमावती शक्ति पीठ, नवग्रह देवता मंदिर और खेड़ापति हनुमान मंदिर भी स्थित हैं, जिससे यह क्षेत्र श्रद्धालुओं के लिए
विशेष महत्व रखता है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले इस क्षेत्र में मोरों की संख्या अधिक थी, लेकिन अब वे कम संख्या में और अधिकतर जोड़ों में ही दिखाई देते हैं। ऐसे में मोर का खुले वातावरण में नृत्य करना प्रकृति प्रेमियों के लिए सुखद और दुर्लभ दृश्य बन गया।
वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि राष्ट्रीय पक्षी मोर के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी संरक्षण की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि कोटेश्वर महादेव क्षेत्र को पक्षी संरक्षण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र मानते
हुए नियमित निगरानी की जाए, ताकि मोरों का सुरक्षित प्राकृतिक आवास बना रहे और आने वाली पीढ़ियां भी इस अनुपम प्राकृतिक धरोहर का आनंद ले सकें।