प्रशासन मध्यप्रदेश समाज

राजगढ़। नेशनल लोक अदालत में वर्षों पुराने विवाद सुलझे

राजगढ़ 09 मई, 2026

जिला न्यायालय राजगढ़ के सीजेएम न्यायालय द्वारा लगभग 05 वर्ष पुराने खेती की जमीन के विवाद में परिवार के सदस्यों में सुलह वार्ता कराई जोकि सफल रही, चूंकि विवाद के दोनों पक्षों ने एक दूसरे के प्रति क्रॉस केस दर्ज कराया था, दोनों ही पक्ष एक कदम भी पीछे जाने के लिये तैयार नहीं थे, जिसमें कि, पीठासीन अधिकारी सह न्यायाधीश श्रीमती नीलिमा देव दत्त द्वारा विशेष प्रयास किये गये, जोकि परिणामतः शांति एवं सद्भाव में परिवर्तित हुये।

इसी प्रकार लोक अदालत की एक अन्य खंडपीठ सुश्री अर्चना मर्सकोले व्यवहार न्यायाधीश के न्यायालय द्वारा भी दो भाईयों के मध्य आपसी रंजिश के लगभग 04 वर्ष पुराने मामले में, जिसमें कि दोनों भाईयों द्वारा क्रॉस केस दर्ज कराया गया था, उक्त मामले में भी पीठासीन अधिकारी दोनों पक्षों को यह समझाईश दी गई कि, मामले को अधिक दिनों तक चलाने में किसी न किसी एक पक्ष का अहित होगा, साथ ही दोनों पक्षों का धन एवं समय भी बर्बाद होगा।

इस पर दोनों पक्षों का विवेक जागृत हुआ व दोनों में सुलह कराई जाकर राजीनामा कराया गया। इस पर दोनों पक्षों के वर्षों पुराने गिले शिकवे खत्म हुये दोनों ही भाई एक दूसरे के गले मिल एक दूसरे का माला पहनाई गई।

इसी क्रम में पुलिस परामर्श केन्द्र हेतु गठित अंतर्गत पति पत्नी के विवाद के 08 मामले रखे गये थे। जिनमें कि 06 मामलों का लोक अदालत में निराकरण कराया गया।

जिसमें कि एक विशेष प्रकरण अंतर्गत आवेदक पति व अनावेदिका पत्नी में विगत 06 माह से छोटी छोटी बातों पर से घरेलू विवादों को लेकर मन मुटाव होने से एवं पति द्वारा शराब का सेवन करने से आपसी दाम्पत्य जीवन में अत्यधिक तनाव आ गया था।

नेशनल लोक अदालत की मंशानुरूप दोनों के मध्य आपसी सुलह कराई गई। दोनों पक्षों ने आगामी जीवन एक साथ निर्वाह करने का वादा किया।

About The Author