सोनकच्छ में अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त एक्शन
संवाददाता : पवन परमारजिला : देवास
तहसीलदार नेहा शाह की चेतावनी के बाद दुकानदारों ने स्वयं हटाए टीन शेड, नगर के अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की उठी मांगसोनकच्छ। नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंडी के पास एमजी रोड स्थित नवीन तहसील भवन एवं पशु चिकित्सालय के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
तहसीलदार एवं प्रभारी सीएमओ नेहा शाह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों ने प्रशासन की चेतावनी के बाद स्वयं अपने टीन शेड और अस्थायी अतिक्रमण हटा लिए।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाया गया तो जेसीबी मशीन से हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी।
प्रशासन के सख्त तेवर देखकर दुकानदारों ने बिना किसी विरोध के स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।बारिश के कारण दी मानवीय राहतकार्रवाई के दौरान प्रशासनिक भवन के सामने बने एक मकान का भी निरीक्षण किया गया।
तहसीलदार ने परिवार से चर्चा करते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया और कहा कि वर्तमान में वर्षा ऋतु होने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने परिवार को बारिश समाप्त होने के बाद स्वयं निर्माण हटाने की सलाह दी और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ेगी।
परिवार ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। ‘सब पर होगी समान कार्रवाई’पशु चिकित्सालय के मुख्य द्वार के पास स्थित नौ दुकानदारों ने अपने टीन शेड नहीं हटाने का अनुरोध किया, लेकिन तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जाएगा और सभी पर समान रूप से नियम लागू होंगे।
इस पर दुकानदारों ने स्वयं अपने टीन शेड हटाने का कार्य शुरू कर दिया।जब कुछ दुकानदारों ने कहा कि कार्रवाई बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों से भी शुरू की जाए, तब तहसीलदार ने जवाब दिया कि पूरे नगर में नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की मांगअभियान के दौरान मौजूद नागरिकों ने प्रशासन से बजरंग चौराहा, चमन बाजार, रेशम केंद्र, डाक बंगला वीआईपी रोड सहित अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण हटाने की मांग की। लोगों का कहना था कि सड़कों से अतिक्रमण हटने पर यातायात व्यवस्था सुगम होगी और नगर का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।