देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने हेतु राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 दिनांक 28 जून रविवार से 30 जून मंगलवार तीन दिवस तक आयोजित किया जाना है।
अभियान के प्रथम दिवस के अवसर पर मां पीतांबरा माई मंदिर परिसर के उत्तर द्वार के अंदर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा दतिया एवं जिला स्वास्थ्य समिति दतिया के संयुक्त तत्वाधान में एक आदर्श बूथ स्थापित किया गया, जिसमें कि जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई।
माई के दरबार में स्थापित इस बूथ की विशेषता यह रही कि इस बूथ पर सभी लाभार्थी बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाने के साथ ही उपहारस्वरूप चॉकलेट, बिस्किट, पेंसिल स्टेशनरी किट आदि वस्तुओं का वितरण किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी सचिव पुनीत टिलवानी ने बताया कि चूंकि माई के दरबार में अनेकों श्रद्धालु बाहर से दर्शन करने आते हैं और उनके साथ आए हुए बच्चे पोलियो की जीवनरक्षक खुराक लेने से वंचित ना रह जाएं तथा आसपास दतिया शहरी क्षेत्र के बच्चों को भी आसानी से पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जा सके इसलिए भी यह आदर्श बूथ लगाया जाना महत्वपूर्ण हो जाता है।
शहरी नोडल अधिकारी पल्स पोलियो अभियान डॉ ज्योत्सना सेंगर ने कहा कि यह आदर्श बूथ लगातार तीन दिनों तक सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेगा एवं आवश्यकता के अनुसार इस बूथ का समय रात्रि 9 बजे तक भी किया जा सकेगा,जिससे कि बाहर से आए हुए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके।
आज प्रथम दिवस शाम 6 बजे तक इस बूथ पर 209 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। आज अभियान के प्रथम दिवस पर इस आदर्श बूथ पर रेडक्रॉस सोसायटी सचिव पुनीत टिलवानी, पल्स पोलियो अभियान शहरी नोडल अधिकारी डॉ ज्योत्सना सेंगर, ए एन एम सुषमा पांडे, ए एन एम आशा बौद्ध, रेडक्रॉस भवन केयरटेकर ओम शर्मा आदि उपस्थित रहे।















