खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं
इसमें ज्यादा से ज्यादा बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए – पुलिस अधीक्षक
दतिया 24 अप्रैल 2026/ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आगामी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में खेल विभाग सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी देते हुए बताया गया कि शिविर का आयोजन 1 मई से 31 मई तक किया जाएगा, जिसमें 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। जिले के विभिन्न स्थानों पर विविध खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, मलखंभ, बास्केटबॉल, जूडो एवं कुराश के प्रशिक्षण होंगे। वहीं लाला का तालाब में रोइंग, शासकीय एमएलबी विद्यालय में वुशु (मार्शल आर्ट), सरस्वती विद्या मंदिर में कबड्डी व खो-खो तथा शासकीय पीजी कॉलेज में हॉकी एवं योग का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
विकासखंड मुख्यालय स्तर पर सेवढ़ा में क्रिकेट, जूडो एवं मार्शल आर्ट तथा भांडेर में क्रिकेट एवं एथलेटिक्स की गतिविधियां संचालित होंगी। शिविर के लिए पंजीयन ऑनलाइन लिंक के माध्यम से किया जाएगा।
शिविर में खेल गतिविधियों के साथ-साथ फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम, फैमिली एवं सोसायटी एंगेजमेंट तथा सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेष फोकस रहेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक वर्मा ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। ये न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। वर्तमान समय में बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत को देखते हुए उन्हें खेलों से जोड़ना जरूरी है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सफलता के नए अवसर भी खुलते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक बच्चों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करते हुए शिविर को सफल बनाएं।
खेल अधिकारी अरविन्द राणा द्वारा बताया गया कि शिविर में दैनिक फिटनेस गतिविधियां, योग एवं प्राणायाम, सत्र कम्यूनिकेशन्स स्किल्स लीडरशिप एवं टीम वर्क, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, रचनात्मक गतिविधियां, विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण इंडोर एवं आउटडोर, सामुदायिक फिटनेस अभियान, स्थानीय सहभागिता, साइबर सुरक्षा जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, मोबाइल एडिक्शन, नियंत्रण, सामाजिक विषयों में संवाद इत्यादि पर जोर दिया जाएगा।
उक्त लिंक के माध्यम से https://www.dsywmp.gov.in से भी मध्यप्रदेश में आयोजित खेल संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




