इंदौर पुलिस की तत्परता बनी जीवनरक्षक, समय पर सहायता मिलने से छात्र को मिली नई जिंदगी
*पुलिस थाना राऊ व राजेंद्र नगर के पुलिस कर्मियों ने आमजन की मदद से दिया CPR, त्वरित उपचार व अस्पताल पहुँचाकर बचाई छात्र की जान*इन्दौर। कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इंदौर पुलिस के थाना राऊ एवं राजेंद्र नगर के पुलिस कर्मियों ने आमजन के सहयोग से समय रहते सीपीआर (CPR) देकर एक बेहोश छात्र की जान
बचाई।जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे दो छात्रों में से पीछे बैठा छात्र अचानक चलती बाइक से सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। उसी दौरान क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थाना राऊ के प्रधान आरक्षक बलराम चौहान तथा थाना राजेंद्र नगर के आरक्षक राहुल बोर्डिया एवं विवेक प्रजापति की नजर इस दुर्घटना पर पड़ी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुँचे और आसपास मौजूद लोगों की मदद से छात्र को सुरक्षित स्थान पर लिटाया। छात्र की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्रधान आरक्षक बलराम चौहान एवं आरक्षक राहुल बोर्डिया ने आमजन के सहयोग से तत्काल सीपीआर (CPR) देना प्रारंभ किया, जिससे कुछ ही देर में छात्र की स्थिति में सुधार होने लगा और उसकी सांसें सामान्य होने लगीं।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए तत्काल एक ऑटो रिक्शा की व्यवस्था कर छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसका उपचार प्रारंभ किया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर दिया गया सीपीआर एवं शीघ्र अस्पताल पहुँचाए जाने से छात्र की जान बचाई जा सकी।इस मानवीय एवं त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रीय रहवासियों एवं राहगीरों ने मुक्त कंठ से सराहना करते हुए
पुलिस एवं सहयोग करने वाले नागरिकों की संवेदनशीलता की प्रशंसा की। यह घटना एक बार फिर सिद्ध करती है कि इंदौर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहती है।